हरदोई। बार एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल बार अध्यक्ष के नेतृत्व में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक से मिला। वकीलों ने मांग रखी कि बीते दिनों अधिवक्ता पर हमला करने के नामजद आरोपियों की पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर रही है।
अधिवक्ता शहाब हसन शाबू ने पुलिस महानिरीक्षक को फैक्स के माध्यम से भी शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को वह सुबह अपने घर से अपनी पत्नी और 2 साल की बेटी के साथ जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे मोहल्ले केमतीन, आदिल, आशिक, मोबीन और मोईन ने उन लोगों को गाली गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपी मारपीट कर अधिवक्ता की सोने की चेन भी लूट ले गए। घटना में अधिवक्ता की पुत्री को भी चोट लगी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई। वहीं, आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और अधिवक्ता व उसके परिजनों को सुलह न करने पर जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं। इस मसले पर बार अध्यक्ष पीके मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्तागण अपर पुलिस अधीक्षक से भी मिले। वकीलों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। महामंत्री जेपी त्रिवेदी ने बताया कि उन लोगों ने अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह से मिलकर उनसे अपनी मांग रखी है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिला है।