ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। लाठरदेवा समिति कार्यालय में क्लर्क पद पर तैनात रहे प्रिंस सैनी हत्याकांड में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस की शक की सुई प्रिंस के करीबियों की तरफ घूम गई है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही प्रिंस के कई करीबियों से पूछताछ कर सकती है और उस हत्याकांड से पर्दा उठा सकती है। पुलिस प्रिंस हत्याकांड में अब तक कई बिंदुओं पर जांच कर चुकी है, लेकिन चार माह बाद भी अभी तक हत्या के राज का पर्दा नहीं उठ पाया है।
कलियर थाना क्षेत्र के गांव तेलीवाला निवासी प्रिंस सैनी लाठरदेवा स्थित समिति कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात था। पिछले साल दिसंबर को लाठरदेवा बाईपास के पास बदमाशों ने प्रिंस की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बदमाश प्रिंस का मोबाइल व बैग भी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस मानकर चल रही थी कि हत्या के पीछे लूटपाट हो सकती है, लेकिन इसके बाद पुलिस ने तमाम बिंदुओं पर जांच पड़ताल की और प्रिंस के कार्यालय में तैनात कर्मचारियों से जानकारी ली थी। साथ ही घटनास्थल के आसपास की कई संदिग्ध कॉल का डाटा उठाकर गहन छानबीन की, लेकिन पुलिस को पिछले चार माह में ऐसा कोई सबूत नहीं मिल पाया है। अब पुलिस की रडार पर प्रिंस के कई करीबी आ गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रिंस की हत्या में करीबियों से पुलिस जल्द ही कई बिंदुओं पर पूछताछ कर सकती है। पुलिस कभी भी करीबियों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाकर या उनके घर जाकर पूछताछ कर सकती है। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि अभी मामले की हर बिंदुओं पर जांच चल रही है। अभी कुछ और लोगों से पूछताछ की जाएगी।