सुरसा। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम दहिगवां में संदिग्ध हालात में वृद्धा की मौत हो गई। उसका अधजला शव घर के अंदर बक्से में पड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बाद में मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो एसपी ने पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम दहिगवां निवासी रामकली (75) पत्नी स्व. नेत्रपाल अपने छोटे बेटे जसवाल के पास गांव में ही रहती थी। रामकली का शव गुरुवार सुबह घर के अंदर रखे बड़े बक्से में अधजला पड़ा मिला। ग्रामीणों की मानें तो बुधवार रात रामकली घर में अकेली थी। जसपाल और उसकी पत्नी गांव में रहने वाले बड़े भाई सत्यपाल के यहां गई थी। घटना को लेकर बताया गया है कि मृतका घरेलू कलह से परेशान थी। इसके चलते उसने बक्से में खुद को बंद करने के साथ ही कंडे भी रख दिए। इस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। आग लगाने से पहले बक्से को खुला रखने के लिए उसके ढक्कन को लकड़ी की ढाल से रोक दिया। घटना का पता तब चला जब ग्रामीणों को जलने की बदबू आई। इस पर ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो अधजला शव बक्से में पड़ा था। गांव में ही रहने वाले मृतका के सबसे बड़े पुत्र श्रीपाल को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र को हुई तो उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच करने के निर्देश एसओ सुरसा को दिए हैं। एसपी का कहना है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी और पिछले कुछ दिनों से अधिक परेशान थी। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का ही है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बक्से में मिला महिला का अधजला शव
परिजनों ने बिना पुलिस को बताए किया अंतिम संस्कार
एसपी ने प्रकरण संज्ञान में आने पर दिए जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो