हरियावां। थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शुक्रवार देर रात गोली लगने से अधेड़ घायल हो गया। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोपालपुर निवासी मुन्नवर पुत्र मजीद ने बताया कि उसका भाई नवाब शुक्रवार रात चौपाल से वापस आ रहा था। तभी गांव के इलियास, मुसाफिर व शमशाद ने गाली गलौज कर उसके भाई पर तमंचे से फायर कर दिया। जिसमेें नवाब घायल हो गया। नवाब को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर जारी है। ग्रामीण घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले ही आरोपी इलियास ने पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में नवाब के बेटे सद्दाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी मामले में सुलह का दबाव बनाने के लिए फर्जी मामला तैयार किया गया है।