बिधूना (औरैया)। सोमवार की रात छत पर कपडे़ उठाने गई 14 वर्षीय किशोरी से दो युवकों ने रेप किया। पुत्री के साथ कोतवाली पहुंचे पिता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता को न्याय का आश्वासन दिया।
बिधूना कोतवाली पुलिस को एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री शनिवार की रात बूंदाबांदी के चलते छत पर पड़े कपड़े उठाने गई थी कि पड़ोस के ही दो युवकों ने उसे दबोच लिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर अपने कमरे में ले गए और दुष्कर्म किया। किसी तरह पुत्री चीखी तो आवाज सुनकर वह व गांव के लोग दौड़े। इस पर आरोपी युवक धमकी देते हुए भाग निकले। पिता ने पुत्री से दुष्कर्म करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
-पुलिस ने शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो