अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई।
थाना क्षेत्र में बाइक में टक्कर मारने के विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने असलहा व लाठी-डंडाें से हमला बोल दिया। पहले पक्ष की तरफ से बीच बचाव करने पहुंचे युवक को हमलावरों ने गोली मार दी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। सीओ सिटी ने गांव पहुंचकर घटना की पड़ताल की है।
हरियावां थाना क्षेत्र के मोहल्ला सदर बाजार निवासी रजनीश (30) का बेटा आयुष कस्बा के सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा दो का छात्र है। मंगलवार सुबह रजनीश बाइक पर आयुष को स्कू ल छोड़ने के लिए निकला था। उसके साथ तीन वर्षीय बेटा गोलू भी था। स्कूल जाते समय रास्ते में पीछे से आए लोहकनपुर निवासी बाइक सवार ने रजनीश की बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से पीछे बैठे आयुष के पैर में चोट लग गई। इस पर रजनीश ने लोहकनपुर निवासी युवक से सही तरीके से बाइक चलाने को कहा। इस पर बाइक सवार युवक अपनी गलती से इनकार करते हुए झगड़े पर उतारू हो गया और रजनीश से गालीगलौज करने लगा। दोनों में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर लोहकनपुर निवासी युवक ने फोन कर अपने पक्ष के लोगों को विवाद होने की बात कही। इस पर युवक के पक्ष के लोग असलहा व लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और रजनीश पर हमला कर दिया। विवाद होने की जानकारी पर रजनीश के बड़े भाई रवीश मिश्र (35) भी पहुंचे और बीच बचाव का प्रयास किया। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने रवीश को गोली मार दी। गोली सीने में लगते ही रवीश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। हमलावर भाग निकले। पुलिस ने हमले में घायल रवीश व रजनीश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने रवीश को लखनऊ रेफर कर दिया। सीओ ममता कुरील ने अस्पताल पहुंचकर घायल रवीश से पूछताछ के बाद गांव पहुंचकर घटना स्थल की पड़ताल की और ग्रामीणों से जानकारी ली है। एसओ संतोष कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- दो पक्षों में विवाद, फायरिंग में एक घायल
- बाइक में टक्कर मारने पर हुआ था विवाद
- हरियावां थाना क्षेत्र के कस्बे का है घायल युवक
- पड़ोस के लोहकनपुर गांव के निवासी हैं हमलावर