शाहाबाद। नगर के मोहल्ला बलायकोट खेड़ा बीबीजई में क्रिकेट मैच के दौरान विवाद होने के बाद तमंचा लहराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तमंचा लहराए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
एसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार की दोपहर कस्बे में एक ग्राउंड में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। हारजीत को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हीं में शामिल एक युवक तमंचा निकालकर लहराने लगा। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था।
बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी युवक शादान निवासी मोहल्ला बलायकोट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। एसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।