हरदोई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों में लापरवाही करना तीन ब्लाक मिशन प्रबंधक के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने तीनों ब्लाक मिशन प्रंबधकों की बर्खास्तगी की संस्तुति मिशन निदेशक से की है। सीडीओ की इस कार्रवाई से लापरवाह कर्मचारियों में खलबली मची है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रत्येक विकास खंड में तीन-तीन मिशन प्रबंधक तैनात हैं। इन पर स्वयं सहायता समूहों को गठित कर इन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने व आर्थिक सहायता के लिए विभिन्न योजनाओं से लाभांवित कराने की जिम्मेदारी होती है। इसके अलावा इन मिशन प्रबंधकों को गरीबी उन्मूलन की दिशा में मिशन के तहत सकारात्मक कार्य भी करने होते हैं। सीडीओ आकांक्षा राना हर माह मिशन के कार्यों की समीक्षा करतीं हैं। संडीला के ब्लाक मिशन प्रबंधक विजय कुमार वर्मा, हरपालपुर के मिशन प्रबंधक पवन कुमार और अनिल कुमार के कार्यों की स्थिति पिछली कई बैठकों से खराब मिल रही थी। इस पर उक्त तीनों मिशन प्रबंधकों को सीडीओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं मिला और कार्य में भी कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर सीडीओ आकांक्षा राना ने तीनों को ही सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति प्रदेश के मिशन निदेशक को सौंपी है। सीडीओ ने खराब प्रगति वाले ब्लाक मिशन प्रबंधकों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।