फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच जनपदों के लिए मुसीबत बने बदमाश गिरफ्तार

विज्ञापन
गिरफ्तार किए गए पवन और प्रकाशके बारे में जानकारी देते एसपी अजय कुमार साथ में सीओ सिटी विकास जायस? - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
हरदोई। शहर कोतवाली पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से अंतरजनपदीय बदमाशों के गैंग के सरगना को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया है। पूरा गैंग हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उन्नाव और रायबरेली जनपदों में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। एसपी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
विज्ञापन

पिछले कुछ ही दिनों में शहर की आवास विकास कालोनी से चेन स्नैचिंग की दो और आजाद नगर से एक वारदात हुई थी। शहर में दिनदहाड़े हुई इन वारदातों से सनसनी फैल गई थी। घटना का खुलासा करने के लिए एसपी ने सीओ सिटी विकास जायसवाल को लगाया था। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत में एसपी अजय कुमार ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम को रविवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश सांडी रोड से हरदोई की तरफ स्कूटी से जा रहे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्कूटी का पीछा कर रोकने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी सवार ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सांडी रोड पर स्थित एक धार्मिक स्थल के पास स्कूटी सवार दोनों बदमाशों को पकड़ लिया।
विज्ञापन

पकड़े गए बदमाशों में पवन कुमार रैदास आजमगढ़ के मेहजानपुर थाना क्षेत्र के दंडबल गांव का रहने वाला है। यह पिछले कुछ दिनों से कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र के दुर्गाबिहार ताड़ बगिया में रह रहा था। इसके साथ उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज कस्बा निवासी प्रकाश वर्मा को भी गिरफ्तार किया है। पवन इस गैंग का लीडर है। पूछताछ में पवन ने दो साथी शेष नारायण निवासी बेनीगंज, हरदोई और मोहसिन निवासी हलीम कॉलेज चौराहा, चमनगंज, कानपुर नगर के नाम बताए हैं। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। बदमाशों से लूटी गई सोने की दो चेन, 9700 रुपये, एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और एक स्कूटी बरामद की गई है।
तीन सौ किलोमीटर कैमरे खंगाले, सौ घंटे की फुटेज देखी, तब पहुंचे बदमाश तक
हरदोई। शहर में लगातार चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए मुसीबत बने शातिर बदमाशों को पकड़ने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। सीओ सिटी विकास जायसवाल खुद खुलासा करने के लिए रात दिन एक किए रहे। पुलिस महकमे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तीन सौ किलोमीटर लंबाई में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इतना ही नहीं लगभग सौ घंटे की सीसीटीवी फुटेज भी देखी गई और जब पुलिस गैंग लीडर के घर तक पहुंच गई, तो बदमाश चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद रविवार की सुबह घेराबंदी के बाद उसे पकड़ा जा सका।
आवास विकास कालोनी की गिनती शहर की पॉश कालोनी में होती है। शहर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी की पत्नी की चेन स्नैचिंग आवास विकास में उनके घर के बाहर से हुई, तो दूसरी वारदात भी आवास विकास कालोनी में कुछ दिनों के अंतराल पर एक डॉक्टर की पत्नी के साथ हुई। कुछ दिन पहले आजाद नगर में भी एक चिकित्सक की पत्नी की चेन लूट हुई। शहर में दिनदहाड़े हो रही यह वारदातें पुलिस के लिए फजीहत का सबब बन रही थीं। यही कारण था कि एसपी ने सीओ सिटी को पूरे मामले में खुद लगकर तह तक पहुंचने के निर्देश दिए थे। शहर कोतवाल जगदीश यादव, स्वाट टीम के प्रभारी बृज किशोर सिंह भी पूरे मामले में खुलासे के लिए लगे थे। हरदोई से लखनऊ और फिर हरदोई से कानपुर के भी बीच लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसी के सहारे पुलिस पवन कुमार के कानपुर में चकेरी स्थित मकान तक पहुंची, लेकिन पवन तब बच निकला था।
जूतों से मिले अहम सुराग बदल लेते थे वाहन
घटना का खुलासा करने में शामिल रहे एक पुलिस कर्मी के मुताबिक चेन स्नैचिंग की तीनों ही वारदात में एक व्यक्ति बाइक पर जूते पहने दिख रहा था। हर बार नीला स्पोर्ट्स शूज पहना व्यक्ति ही वारदात को अंजाम देता था। जब पुलिस पवन और उसके साथी प्रकाश तक पहुंची तो जूते के जरिए यह भी पक्का हो गया कि असली गुनहगार तक पहुंच गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपना वाहन बदल देते थे। दो घटनाओं में एक ही बाइक का इस्तेमाल किया गया था, जबकि तीसरी घटना में बाइक बदल दी गई थी। यह बाइक भी लखनऊ के एक शोरूम में एक्सचेंज कर ली गई थी और स्कूटी ले ली गई थी।
कानपुर में गैंगस्टर में वांछित है पवन
एसपी अजय कुमार के मुताबिक पवन कुमार कानपुर नगर में भी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। कानपुर नगर के थाना नौबस्ता में उसके विरुद्ध गैंगस्टर का मामला दर्ज है और गैंगस्टर एक्ट में वह वांछित भी था।
पवन पर दर्ज हैं 29 मामले
पवन बेहद शातिर है। उस पर 29 मामले दर्ज हैं। लखनऊ जनपद के ताल कटोरा थाने में पांच मामले उसके विरुद्ध दर्ज हैं। कानपुर के नौबस्ता थाने में भी पवन पर छह मामले दर्ज है। लखनऊ के पीजीआई थाने में तीन मामले, आलमबाग में दो मामले, बाजार खाला में एक मामला दर्ज है। कानपुर के बिधनू थाने में भी उस पर लूट का मामला दर्ज है। लखनऊ के कृष्णानगर और ठाकुरगंज थाने में भी पवन पर मामले दर्ज हैं। वहीं प्रकाश वर्मा पर उन्नाव जनपद के शोहरामऊ के अलावा हरदोई शहर कोतवाली में भी चार मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें