हरदोई। संदिग्ध हालात में कार में बेहोश मिले सहायक अध्यापक की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ निवासी राहुल कुमार (40) भजेहटा स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। रविवार की शाम हरदोई-कानपुर मार्ग पर माधौगंज थाना क्षेत्र के शेखनपुर गांव के पास कुछ लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में कार में पड़ा देखा, तो सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन राहुल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज गए। यहां चिकित्सक ने राहुल की हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी शशिप्रभा नयागांव में शिक्षामित्र है। उसके एक पुत्र और एक पुत्री है। राहुल के पिता जगदीश प्रसाद ने बताया कि मौत हृदयगति रुकने से हुई है। कोतवाल सुनील सिंह ने घटना संज्ञान में होने से इनकार किया है।