हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में लगभग साढ़े तीन माह पहले किशोरी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद किशोरी को शिकायत करने पर निशक्त भाई की हत्या कर देने की धमकी दी थी, लेकिन गर्भवती हो जाने पर किशोरी ने परिजनों को सच्चाई बता दी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी गई दी गई तहरीर में बताया कि लगभग साढ़े तीन माह पहले उसकी 16 वर्षीय बेटी गांव से बाहर शौच के लिए गई थी। वहां पहले से मौजूद गांव के ही महेश ने उसे पकड़ लिया और चाकू के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने शिकायत करने पर निशक्त भाई को जान से मारने की धमकी दी। इससे घबरा कर किशोरी ने यह बात किसी को नहीं बताई। बताया कि अभी कुछ दिन पहले ही पता चला कि बेटी गर्भवती हो गई है। गर्भवती होने पर बेटी ने पूरी बात परिजनों को बताई। प्रभारी कोतवाल गंगा प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।