हरदोई। सात वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी किशोर को पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। बाल संप्रेक्षण गृह भेजे जाने से पहले उसे न्यायालय में भी पेश किया गया।
बीती 22 जुलाई को कासिमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सात वर्ष की मासूम बच्ची घर में अकेले थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले किशोर (14) ने उसे बिस्किट देने के बहाने घर की छत पर बुला लिया था। वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया था। बच्ची ने अपनी मां को घटना के बारे में जानकारी दी, लेकिन गांव के रसूखदार लोगों ने आपस में सुलह-समझौता कराने का प्रयास किया। बात न बनने पर 26 जुलाई की रात बच्ची की मां ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने इसी आधार पर किशोर के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। कासिमपुर के प्रभारी निरीक्षक दीपक रघुवंशी ने बताया कि आरोपी किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।