हरदोई। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर कटियारी डिग्री कॉलेज के पास डीसीएम ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम सतौथ निवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाए जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के सतौथा गांव निवासी कालीचरण (45) हरपालपुर बुधवार की दोपहर साइकिल से कस्बे में जा रहा था। रास्ते में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर कटियारी डिग्री कॉलेज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल मेें टक्कर मार दी। हादसे में कालीचरण गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को सीएचसी भिजवाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई। कालीचरण की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि कालीचरण चार भइयों में दूसरे नंबर पर था। वह विवाहित था, लेकिन पांच साल से उसकी पत्नी मायके में रह रही है। उसके कोई संतान भी नहीं थी। बताया कि कालीचरण मजदूरी करता था। बुधवार को भी हरपालपुर में काम करने गया था। दोपहर में घर खाना खाने आया था, खाना खाकर वापस जाने के दौरान हादसे में उसकी मौत हो गई। प्रभारी कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने बताया है घटना के बाद डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया था, चालक फरार है। बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।