हरदोई। कन्नौज मार्ग पर बाबूपुरवा गांव के पास बुधवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार दंपती व दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक की पत्नी व अन्य दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव मल्हनपुरवा राघवपुर निवासी राजेश कुमार (30) बुधवार को पत्नी रमाकांती (27) के साथ बाइक से सांडी कस्बा स्थित बैंक गए थे। शाम को घर लौटते समय कन्नौज मार्ग पर गांव बाबूपुरवा के पास पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में राजेश कुमार व उसकी पत्नी रमाकांती और दूसरी बाइक पर सवार मुकेश व विपिन निवासी ग्राम महरी थाना बघौली गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। राजेश कुमार की पत्नी रमाकांती व दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर बदहवास परिजन सीएचसी पहुंचे। परिजनों ने बताया कि राजेश दिल्ली में काम करता था, उसके कोई संतान नहीं है। घटना के वक्त वह हेलमेट लगाए था। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तीनों घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।