हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में रविवार देर शाम घर के बाहर बैठे किसान को कार ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी ऋषिनाथ (65) खेती करता था। रविवार की शाम वह घर के बाहर जमीन पर बैठा था। इसी दौरान उधर से गुजरी तेज रफ्तार कार ने उसे रौंद दिया। ऋषिनाथ की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक ऋषिनाथ की पत्नी की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उसके परिवार में एक बेटी है। बेटी और दामाद उसके पास रहते थे। दामाद वीरेंद्र ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
एसओ अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक की पुत्री रेनू की तहरीर में दिए गए कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है।