संडीला। पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और योगी आदित्यनाथ फिर से सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कोई नाजुक पेड़-पौधा नहीं है, जिसको कोई आसानी से उखाड़ फेंकेगा।
संडीला में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में पत्रकार वार्ता में नरेश अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए हैं। सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा फिर से प्रदेश में सरकार बनाऐगी। अखिलेश यादव की जनसभाओं और यात्राओं में भारी भीड़ उमड़ने के जवाब में नरेश अग्रवाल ने कहा कि बसपा मुखिया की मीटिंगों में भारी भीड़ होती थी लेकिन उनका भी सफाया हो गया। प्रेसवार्ता में कछौना के पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक अग्रवाल, संडीला के पूर्व ब्लाक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश गुप्ता, हर्षवर्धन मिश्रा, महेंद्र सोनी, पंकज गुप्ता आदि मौजूद रहे। निरीक्षण भवन में नरेश अग्रवाल ने संडीला विधानसभा क्षेत्र के अर्कवंशी समाज के लोगों से भी बात की। अर्कवंशी समाज के लोगों ने उन्हें समस्याएं बताईं। नरेश अग्रवाल ने कहा कि अर्कवंशी समाज के लोगों की कुछ समस्याएं संज्ञान में आई हैं, इन्हें जल्द दूर कराया जाएगा।