जिला अस्पताल में रोते बिलखती मृतक की पत्नी व मां।
- फोटो : amarujala
मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में स्थित सुनासीर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे बाइक सवार को वैन ने टक्कर मार दी। युवक बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाए था। उसके सिर में गंभीर चोटे आईं। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही घायल को सीएचसी भेजा। सीएचसी के डॉक्टर ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुछ ही देर बाद युवक की मौत हो गई।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम साहबगंज निवासी बृजेश कुमार (27) बाइक से मल्लावां राघवपुर मार्ग से सुनासीरनाथ मंदिर पूजा करने जा रहा था। ग्राम नारायनमऊ के निकट एक वैन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बृजेश उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। गश्त कर रही पुलिस ने उसे सीएचसी भेजा। उसके पास मिले मोबाइल के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।
यहां डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बृजेश हेलमेट नहीं लगाए था और उछल कर सड़क पर गिरने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में उपचार शुरू ही हुआ था कि उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही बृजेश की मां श्रीदेवी गश खाकर गिर पड़ीं जबकि बृजेश की पत्नी दीपा का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बृजेश दो भाइयों में छोटा था। मृतक के बड़े भाई राजेश ने बताया कि बृजेश के परिवार में पत्नी दीपा के अलावा ढाई वर्ष का पुत्र कृष और एक तीन माह की पुत्री है।