संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई-हरपालपुर। बाढ़ की त्रासदी झेल चुके कटियारी क्षेत्र के लोग गंगा, रामगंगा व गर्रा नदी के पानी में कम होने से अभी अपने घरों को व्यवस्थित भी न कर पाए थे कि रामगंगा नदी में फिर से बाढ़ आ गई है। रामगंगा का पानी खतरे के निशान 137.10 मीटर से 10 सेंटीमीटर (सेमी.) ऊपर 137.20 मीटर पर आ गया है। इससे कटरी छोछपुर, चंद्रमपुर व अरवल के 30 गांवों के लोग प्रभावित हैं। गांवों में चारों ओर पानी भर जाने से घरों के साथ ही फसलों को भी नुकसान की आशंका है।
पहाड़ों पर हो रही बारिश व बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी ने अब रामगंगा नदी में बाढ़ ला दी है। शनिवार को रामगंगा नदी के पानी में वृद्धि के कारण पानी हरपालपुर क्षेत्र के कटियारी के गांवों में पानी घुसने लगा। अभी एक माह की बाढ़ की त्रासादी को अरवल, चद्रमपुर व कटरी छोछपुर के मजराें (गांव) के लोग भूले नहीं थे कि फिर से बाढ़ के पानी से घिर गए हैं।
बाढ़ से हरपालपुर क्षेत्र के अरवल के बेहटा मुड़िया, करनपुर, अलीशेरपुरवा, अदनिया, नाऊपुरवा, झड़ापुरवा, टिक्कापुरवा, जगन्नाथपुरवा, सिसैयापुरवा, मझरिया, गोड़ा, बरगदापुरवा, गंगानगर, सुदनीपुर, भट्टनपुरवा आदि गांव घिर गए हैं। रामगंगा नदी के पानी में बढ़ोतरी से नदी का पानी गंभीरी नदी में वापस जाने लगा है। इससे बाढ़ का पानी हरपालपुर कस्बे से करीब तीन किमी. की दूरी तक आ गया है।
कटरी छोछपुर के अंधैया, आशापुरवा, गुलाबपुरवा, खर्रमपुरवा, तिवारीपुरवा, खजुयया पुरवा, लालाशाहपुरवा, पतारपुरवा, बंदीपुरवा व बागपुरवा और चद्रपपुर के दुलारपुर, शंकरपुरी, छंगापुरवा व शिब्बापुरवा के लोग फिर से एक बार बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं।
गांवों में पानी भरने से लोगों को घरों की दैनिक आवश्यकता की सामग्री के साथ ही पशुओं के लिए हरे चारे की भी समस्या खड़ी हो गई है। करीब 300 बीघा से अधिक से क्षेत्रफल में फसलों के पूरी तरह से खराब होने की आशंका है।
डीएम ने बताया कि सवाजयपुर के एसडीएम व तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि बाढ़ की स्थिति पर नजर रखें। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री व जलभराव की स्थिति में ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट कराएं।
-
दो-तीन दिन में रामगंगा नदी में और बढ़ेगा पानी
शारदा नहर विभाग के अधिशासी अभियंता एके गौतम ने बताया कि बरौजों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे अगले दो-तीन दिन में पानी में और बढ़ोतरी की संभावना है। बैराजों से गंगा व रामगंगा नदी में 1,46,242 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। छोड़ा जाने वाला पानी यहां पर अगले दो से तीन में पहुंच पाता है। गंगा नदी का पानी 25 सेमी. कम होकर 135.50 मीटर और गर्रा नदी का पानी 25 सेमी. कम हुआ और पानी 144.55 मीटर पर आ गया है।