फोटो- 40- शाहजहांपुर रोड पर फुटपाथ किनारे खड़ी बुद्ध विहार डिपो की बस। संवाद
हरदोई। जिले से बिना समय सारिणी के चल रहीं बुद्ध विहार डिपो की बसों का संचालन अभी बंद नहीं हुआ है। शहर के बाहर यह बसें फुटपाथ किनारे खड़ी रहती हैं और विभागीय सांठगांठ की मदद से मनमाने ढंग से चल रही हैं। हालांकि, निगम के अधिकारियों ने पहले ही ऐसी बसों के चालक और परिचालकों पर कार्रवाई की है। इसके बावजूद संचालन बदस्तूर जारी है और अब कोई कार्रवाई भी होती नजर नहीं आ रही है।
दिल्ली व्यावसायिक रूप से हरदोई वासियों के लिए सबसे बेहतर और नजदीक स्थान है। ऐसे में हरदोई से दिल्ली रूट पर रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं। इनमें रोडवेज बसों से भी आठ से 10 हजार लोग आते जाते हैं। इस वजह से स्थानीय बस स्टेशन से दिल्ली आने जाने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक है।
इसी का फायदा रोडवेज बस के चालक-परिचालक उठा रहे हैं। बता दें, कि शहर के बाहर से अलीगढ़ और बुद्ध विहार डिपो की कई रोडवेज बसें खड़ी रहती हैं। जानकारों की मानें तो यह बसें स्थानीय बस स्टेशन न जाकर बिना समय सारिणी के किसी भी समय चल देती हैं। इससे परिवहन निगम की आय तो प्रभावित होती ही है। साथ ही बसें यात्रियों को निर्धारित स्थान पर भी नहीं उतारती हैं। वहीं, इन बसों में यात्रा करना भी गैरकानूनी के साथ ही असुरक्षित है। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ सकता है। याद हो कि निगम के अधिकारियों ने दो माह पहले ऐसी कई बसों पर कार्रवाई की थी, इसके बाद भी संचालन बंद नहीं हुआ है।
सांडी रोड और शाहजहांपुर रोड पर खड़ी रहती बसें
दिल्ली के लिए चलने वाली यह बसें शहर के बाद सांडी रोड, बावन रोड और शाहजहांपुर रोड पर फुटपाथ के किनारे खड़ी रहती हैं। बता दें, कि जुलाई और अगस्त माह में स्थानीय स्टेशन के डिपो प्रभारी वैभव रघुवंशी ने औचक निरीक्षण कर ऐसी कई बसों के चालक और परिचालकों को पकड़ा था। इनमें से दो बसों के परिचालकों से इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ईटीएम) जमा करवा ली। साथ ही ड्यूटी स्लिप भी जब्त कर ली थी। इसके बाद कुछ दिन तक मामला शांत रहा लेकिन अब फिर वही स्थिति नजर आने लगी है। आज भी शहर के बाहर इन मार्गों पर रोडवेज बसें खड़ी नजर आ रही हैं।
बिना समय सारिणी के चल रही बसों से निगम की आय प्रभावित होती है। ऐसी बसों के चालक और परिचालक पर फिर कार्रवाई की जाएगी। मार्गों पर जांच कर बसों को पकड़ा जाएगा। -भुवनेश्वर कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक