फोटो-23-हॉटमिक्स प्लांट से बनी रोड पर जाती कार। संवाद
हरदोई। पिछले लगभग सात साल से बदहाल सड़क के कारण परेशानी झेल रहे कछौना नगर के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर दिवाली से पहले आ गई। नगर के मुख्य मार्ग का निर्माण करा दिया गया है। 1850 मीटर लंबे मार्ग के निर्माण पर 91 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इस मार्ग का निर्माण हो जाने से नगर के 12 वार्डाें के बाशिंदों के साथ ही 25 गांवों के लोगों को भी राहत मिल गई है।
कछौना नगर पंचायत क्षेत्र में नगर के मुख्य मार्ग की दशा बेहद खराब थी। एक दशक पहले इस मार्ग का निर्माण कराया गया था। निर्माण के लगभग तीन साल बाद ही सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। फिर बारिश और भारी वाहनों के आवागमन के कारण साल दर साल सड़क की स्थिति खराब होती चली गई।
नगर के बाशिंदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमण शुक्ला से उक्त मार्ग के निर्माण की मांग की थी। यह मार्ग लोक निर्माण विभाग का था। विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी की गई थी लेकिन मौसम सही न होने के कारण निर्माण नहीं हो पा रहा था। मंगलवार रात और बुधवार रातभर में उक्त मार्ग का निर्माण हॉटमिक्स प्लांट से करा दिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि लगभग 25 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।