हरपालपुर। तांगा चलाकर भरण पोषण करने वाले बुजुर्ग ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उनका शव बुधवार दोपहर गुलौली गांव निवासी एक शख्स के खेत में आम के पेड़ पर गमछे के फंदे से लटका मिला।
परिजनों का दावा है कि पत्नी की मौत के बाद से बुजुर्ग मानसिक रूप से अवसाद में चला गया था। हरपालपुर निवासी श्रीधर सक्सेना (60) तांगा चलाते थे। उनके पुत्र सोनू के मुताबिक बुधवार को वह बिना कुछ बताए घर से निकल गए थे। दोपहर में गुलौली निवासी गुड्डू के खेत में उनका शव ग्रामीणों ने फंदे से लटका देखा। इसकी जानकारी परिजनों को दी। सोनू ने बताया कि चार साल पहले उसकी मां का निधन हो गया था। तब से पिता अवसाद में थे। कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।