बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के ग्राम उमरन में मंगलवार की सुबह गांव कमल के फूल तोड़ने गया छात्र तालाब में डूब गया। उसे डूबता देख बच्चों ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे तालाब में निकालकर बेहोशी हालत में जिला अस्तपाल लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम उमरन के पूरब में तालाब है। तालाब में इन दिनों कमल के फूल निकलते हैं। गांव निवासी ऋषभ (12) मंगलवार की सुबह बच्चों के साथ फूल तोड़ने के लिए तालाब घुसने लगा। तालाब में गहराई अधिक होने से ऋषभ डूबने लगा।
उसे डूबता देख रोते-बिलखते घर पहुंचे बच्चों ने परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे तालाब में बाहर निकाला। परिजन बेहोशी हालात में उसे जिला अस्पताल लाए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए।
परिजनों ने बताया कि ऋषभ प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। वह तीन भाई-बहनों में बड़ा था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ ओपी सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों ने घटना की सूचना नहीं दी है।