हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार दोपहर रेलवे क्रासिंग में टक्कर मारकर डंपर ने बूम तोड़ दिया। इसके कारण डाउन ट्रैक पर लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बघौली रेलवे स्टेशन के निकट मालगाड़ी रोक दी गई, तो पीछे आ रहीं चार अन्य ट्रेनों को भी रोका गया।
बघौली रेलवे स्टेशन के निकट गेट संख्या 263बी है। शुक्रवार दोपहर 11बजकर 50 मिनट पर इधर से गुजरे डंपर ने रेलवे क्रासिंग के बूम में टक्कर मार दी। इसके कारण बूम डाउन ट्रैक पर जा गिरा। ट्रैक पर बूम गिरने की जानकारी से रेलवे कंट्रोल रूम ने आस पास के अन्य स्टेशनों को अलर्ट कर दिया।
घटना की जानकारी पर आरपीएफ के प्रभारी एसके सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंच गई। डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बूम टूटकर गिरने के कारण डाउन ट्रैक पर जा रही मालगाड़ी को बघौली स्टेशन के निकट ही रोकना पड़ा। इसके अलावा राजरानी एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस और अवध आसाम एक्सप्रेस को भी अलग अलग स्थानों पर रोका गया। दो बजकर 15 मिनट पर यातायात दोबारा शुरू हो पाया। इसके कारण कई उक्त ट्रेने लेट भी हो गईं।