फोटो-16- बैंक ऑफ इंडिया की कस्बा शाखा पहुंच कर घटना की जानकारी लेते एलडीएम । संवाद
- फोटो : HARDOI
हरियावां। कस्बा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व बैंककर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण व अभिलेख जल गए।
कस्बे में सदर बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने पर बैंक में लगा फॉयर अलार्म बजने पर लगा। अलार्म सुनकर आसपास के लोग बैंक पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। बैंककर्मियों ने फॉयर बिग्रेड को सूचना देने के बाद ताला खोला, लेकिन तेज धुंए व आग के चलते काफी देर तक कोई भी अंदर नहीं जा सका। पुलिसकर्मी जैसे-तैसे बैंक भवन के अंदर घुसे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। लगभग एक घंटे बाद फॉयर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा चुका था।
शाखा प्रबंधक प्रशांत गुप्ता ने बताया कि आग लगने से कंप्यूटर, प्रिंटर, कैमरे में लगे हार्ड डिक्स समेत अन्य अभिलेख भी जल गए। लगभग दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। एलडीएम जेपी सिंह व बैंक ऑफ इंडिया के एरिया मैनेजर राजेश कुमार, दोनों लोगों ने मौके पर पहुंच कर बैंक में आग लगने की जानकारी ली। एलडीएम जेपी सिंह ने बताया इलेक्ट्रिक सिस्टम को सही कराया जा रहा है। व्यवस्था दुरुस्त होने पर बैंक में लेनदेन शुरू कराया जाएगा।
हरियावां। बैंक शाखा में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसओ अनिल सक्सेना ने दमकल की गाड़ी को सूचना दी। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब दमकल की गाड़ी मौके नहीं पहुंची तो पहले पुलिसकर्मी व इसके बाद बैंककर्मी और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर बैंक के अंदर गए और आग बुझाई। दमकल की गाड़ी आग बुझने के बाद मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर आड़े तिरहे खड़े गन्ना लदे वाहनों के चलते दमकल का वाहन जाम में फंस गया था।
फोटो-17- बैंक के बाहर लगी भीड़ व खड़ी दमकल की गाड़ी। संवाद- फोटो : HARDOI