हरदोई। ननिहाल आई कक्षा पांच की छात्रा को सड़क पार करते समय पिकअप ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक पिकअप मौके पर छोड़कर भाग निकला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गुरगुज्जा निवासी संदीप की ससुराल सुरसा थाना क्षेत्र के मझिला गांव में है। संदीप की पुत्री सपना उर्फ रीमा (10) बीती दो अप्रैल को अपने नाना हरिपाल के साथ मझिला गई थी। मझिला में रविवार देर शाम बर्फ लेने के लिए हरदोई - बिलग्राम मार्ग को पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उसे रौंद दिया।
मौके पर ही सपना की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। हरिपाल बिलखते हुए मौके पर पहुंचा और घटना के बारे में छात्रा के पिता संदीप को बतायाा। कुछ देर में ही संदीप भी परिवार के साथ मौके पर पहुंच गया।
सपना चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और गुरगुज्जा स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा थी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सुरसा के प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव ने बताया कि पिकअप पुलिस के कब्जे में है। चालक का पता किया जा रहा है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।