हरदोई। शासन ने नए सिरे से राशन कार्ड जारी करने का फरमान जारी कर दिया है। जून 12 से लोगों को नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। शासन के फरमान के बाद पूर्ति विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। वर्ष 05 में जारी राशन कार्डों की वैलिडिटी दिसंबर 10 में खत्म हो गई थी, तब से इन कार्डों की वैलिडिटी दो बार बढ़ाई जा चुकी है और अब शासन ने पांच वर्ष तक के लिए मान्य रहने वाले राशन कार्डों को नए सिरे से जारी करने का फरमान जारी कर दिया है।
जिले में लगभग 7 लाख 88 हजार 8 सौ 87 राशन कार्ड उपभोक्ता हैं। बीपीएल वर्ग के 1 लाख 89 हजार 9 सौ 32, अन्त्योदय के 1 लाख 17 हजार 7 सौ 27 और एपीएल वर्ग के 4 लाख 81 हजार 2सौ 28 कार्डधारक हैं। इनमें नगरीय क्षेत्रों में कार्डों की संख्या 1 लाख 45 हजार 3 सौ 92 और शहर में 49 हजार 664 राशन कार्ड हैं। नगरीय क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कार्ड हरदोई शहर में हैं और इनमें बड़ी संख्या में बोगस कार्ड हैं। राशन कार्डों का नवीनीकरण न होने से पिछले डेढ़ साल से पुराने कार्डों की ही वैलिडिटी बढ़ाने से यहां बडे़ पैमाने पर बोगस कार्ड से खाद्यान्न एवं केरोसिन वितरण में खेल हो रहा है। अब नए सिरे से कार्डों के बनने से बोगस कार्डों पर अंकुश लगने के साथ कार्डों की संख्या एवं परिवार के सदस्यों की संख्या की तसवीर सामने आ जाएगी। ज्ञात हो कि हर बीपीएल कार्डधारक को हर माह 15 किलो गेहूं, 20 किलो चावल, तीन लीटर केरोसिन और सात सौ ग्राम चीनी प्रति यूनिट यानी परिवार के सदस्य के हिसाब से देने का प्रावधान है। हर अन्त्योदय कार्ड धारक को हर माह 10 किलो गेहूं, 25 किलो चावल, तीन लीटर केरोसिन और चीनी सात सौ ग्राम प्रति यूनिट के हिसाब से देने का प्रावधान है, जबकि एपीएल वालों को हर माह 20 किलो गेहूं, तीन लीटर केरोसिन देने का प्राविधान है। उधर, जिला पूर्ति अधिकारी एसपी सिंह ने कहा कि शासन से जून माह में सभी राशनकार्ड धारकों को नए सिरे से राशन कार्ड जारी करने के आदेश दिए गए हैं। जिसका अनुपालन करने को तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि नए कार्ड जारी करने को कुछ जरूरी बिंदुओं पर विचार करने के बाद कार्रवाई की जाएगी, ताकि बोगस कार्डों का अस्तित्व खत्म हो सके।