हरदोई। बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की जरूरत को देखते हए निदेशालय ने केंद्रों की री-मैपिंग कराने के आदेश दे दिए हैं। जिले में बढ़ती आबादी को देखते हुए निदेशालय ने आबादी के आधार पर सर्वे करवाकर जरूरत के अनुसार केंद्रों को बढ़ाने के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों का सर्वे जनगणना 2011 पर करने के आदेश दिए हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पोषाहार वितरण से लेकर उनका बेहतर पोषण भी किया जाता है। जिले के 19 ब्लाक और एक शहर परियोजना को मिलाकर 3930 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन हो रहा, जबकि अब इन आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या में इजाफा करने पर विचार किया जा रहा है। जिसको लेकर ही निदेशालय ने जिले में सर्वे कराने का निर्देश दिया है। बाल विकास निदेशक आनंद सिंह ने जिले में पत्र भेजकर आंगनबाड़ी केंद्रों की री-मैपिंग कराने के निर्देश दिए हैं। आबादी बढ़ने के साथ ही केंद्रों की स्थापना की जरूरत पड़ गई है।
ऐसे में 2011 की जनगणना के आधार पर 400 से 800 आबादी के बीच में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना की जानी है। जिसको लेकर बाल विकास निदेशक ने पूरे जिले में सर्वे कराकर जरूरत के अनुसार केंद्रों की स्थापना को सूची तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं। जिस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश कुमार ने भी सभी सीडीपीओ को पत्र जारी कर सर्वे करवाकर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है, ताकि आवश्यकतानुसार केंद्रों में इजाफा किया जा सके।