अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर शनिवार सुबह टहलने निकले युवक को शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बस अड्डे के निकट वाहन ने रौंद दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी राजपाल (25) पुत्र छेदालाल दिल्ली में प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता था। लगभग तीन माह पहले उसकी मां की मौत बीमारी के कारण हो गई थी। तब से वह शाहाबाद में ही रह रहा था। शनिवार सुबह वह टहलने निकला था।
शाहाबाद कस्बे में बस अड्डे के निकट सुबह साढ़े पांच बजे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बस अड्डे के पास से गुजरी यूपी 100 पुलिस उसे सीएचसी ले गई। परिजनों को घटना से अवगत कराया। सीएचसी में परिजनों के आने के बाद चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर बता जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शनिवार दोपहर लगभग एक बजे उसकी सांसें थम गईं। मृतक दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था।
सैर को निकले युवक की हादसे में मौत
- शाहाबाद कस्बे के बस अड्डे पर वाहन ने मारी टक्कर