हरदोई। मुंडन कराने जा रहे लोगों से भरी पिकअप सवायजपुर मार्ग पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए।
शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलहईया निवासी सुरेंद्र के पुत्र आयुष का मुंडन बुधवार को था। मुुंडन के लिए सुरेंद्र परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ पिकअप से हरदोई के एक धार्मिक स्थल पर आ रहा था। पिकअप में लगभग 40 लोग सवार थे। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर बाइक सवार पिकअप के सामने आ गया।
उसे बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकराई। इसके कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में घायल सुरेंद्र (30), उसकी बहन रेखा (24), बहनोई अनुज (25), उर्मिला (60), रामवती (35), कंठादेवी (45), दीपांशी (10), दीपक (6) को जिला अस्पताल ले जाया गया।