आधार नंबर गलत होने से रुकी छात्रवृत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। अल्प संख्यक वर्ग के पूर्व दशम, दशमोत्तर एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत आवेदन करने वाले साढ़े आठ हजार विद्यार्थियों के आधार कार्ड नंबर गलत होने से उनकी छात्रवृत्ति रोक दी गई है। विभाग ने ऐसे विद्यार्थियों को डाटा संबंधित संस्था को भेज कर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
कई शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने पूर्व दशम ओर दशमोत्तर एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत आवेदन किए थे। वर्ष 2017-18 में आनलाइन भरे गए आवेदनों की जांच की गई तो जिले के कई शिक्षण संस्थाओं के 8,666 विद्यार्थियों के आधार कार्ड में खामियां मिली। आधार कार्ड नंबर से सत्यापन न होने के कारण इन विद्यार्थियों केे छात्रवृत्ति की धनराशि स्थानांतरित नहीं की जा सकी। अल्प संख्यक कल्याण विभाग की ओर से ऐसे विद्यार्थियों को डाटा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भेजा गया है। इसमें संबंधित संस्था के द्वारा विद्यार्थी का आधार नंबर सही कराके डाटा वापस करने को कहा गया है। ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भेजी जा सके। अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त डाटा डीआईओएस की ओर से संबंधित प्रधानाचार्यों को भेजा जा रहा है। डीआईओएस की ओर से निर्देशित किया गया कि डाटा में गलत आधार नंबर पड़ा हुआ है। सही आधार नंबर डाल कर उसका संशोधित डाटा जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। इतनी अधिक संख्या में आधार नंबर गलत होने से विद्यालयों की ओर से दर्शाई जाने वाली छात्र संख्या पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि जिनके आधार नंबर गलत हैं वे अधिकांश विद्यार्थी कक्षा 11 व 12 के हैं।
- जांच में साढ़े आठ हजार विद्यार्थियों के आधार नंबर में मिली गड़बड़ी
- संस्थाओं को सूची वापस कर नंबर दुरुस्त करने के दिए गए निर्देश