झमाझम बारिश से लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति
क्रासर
कई मोहल्लों की चार से पांच घंटे तक गुल रही बिजली
गुरगुज्जा पावर हाउस की मेन सप्लाई लाइन में आई खराबी
सिनेमा रोड पर ट्रंासफार्मर खराब होने से दो घंटे तक ठप रही आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई।
झमाझम बारिश के बाद रविवार को दोपहर बाद तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते बिजली आपूर्ति भी पटरी से उतर गई। गुरगुज्जा, सांडी रोड व सिटी पावर हाउस में कई जगह विद्युत लाइन में फाल्ट आने से आपूर्ति तीन से चार घंटे तक बाधित रही।
रविवार सुबह करीब पांच बजे से झमाझम बारिश शुरू हुई। बारिश दोपहर बाद तक होती रही। इसके चलते मन्नापुरवा पावर हाउस से गुरगुज्जा आने वाली मेन सप्लाई लाइन में फाल्ट आ गया। इससे गुरगुज्जा से जुड़े गांव व सांडी रोड पावर हाउस से जुड़े कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। आलू थोक, चौहान थोक, ऊंचाथोक सहित कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति गुल होने से लोगों को दिक्कत हुई। सांडी रोड पावर हाउस से सरला बाजपई बगिया, आजादनगर को जाने वाली सप्लाई लाइन सुबह 5:15 बजे कहीं शार्ट हो गई। बारिश थमने के कुछ देर बाद बिजली कर्मियों ने काम शुरू किया तो श्रीशचंद्र पब्लिक इंटर कॉलेज के पास लाइन शार्ट मिली। बारिश के चलते कुछ देर काम रोक दिया गया। बिजली कर्मी 9:40 बजे आपूर्ति जोड़ सके। सप्लाई चालू होने के तुरंत बाद आधे आजाद नगर की लाइन शार्ट होने की जानकारी मिली। इसे ढूढंने में बिजली कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बिजली कर्मी दोपहर एक बजे के बाद आपूर्ति चालू कर सके।
उधर, सुबह के समय सिनेमा रोड पर रखे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से सिनेमा रोड की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसे दोपहर दो बजे ठीक किया जा सका। इसी तरह सिटी पावर हाउस में घंटाघर रोड पर सुबह 9:30 बजे आपूर्ति बाधित हुई। इसे 11 बजे ठीक किया जा सका। एसडीओ सदर दिलीप यादव ने बताया कि बारिश के चलते आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है।
इनसेट
10 दिन से बरमहुला गांव का नहीं बदला ट्रांसफार्मर
पिहानी (ब्यूरो)। इलाके के बरमहुला गांव में 10 दिन से फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने से अंधेरा है। इसके चलते ग्रामीणों में रोष पनप रहा है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराकर शीघ्र आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
बरमहुला गांव के करुनेत्र सिंह, अनिल कुमार सिंह, चंद्रभूषण सिंह, राजेश सिंह, राम सागर, राम बहादुर, संदीप सिंह, सुरेंद्र सिंह व मुन्नू लाल आदि ने बताया कि लगभग ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना पिहानी सब स्टेशन पर दे दी गई थी। इसके बावजूद आज तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। जेई हंसराज यादव ने बताया कि इस मौसम में ट्रांसफार्मर फुंकने के मामले बढ़ जाने के चलते ट्रांसफार्मर मिल नहीं पा रहे हैं। इसके चलते दिक्कतें आ रही है।
इनसेट
पोल लगवाने की मांग की
पिहानी (ब्यूरो)। ग्राम सभा रसूलपुर के मजरा गौखरिका राजेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, प्रमोद सिंह, विनोद सिंह, बसंत सिंह, दिनेश, राम मंगल व अवनीश सिंह आदि ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि विद्युतीकरण किए जाने के दौरान ठेकेदार ने मंदिर समेत कई मकानों के सामने विद्युत पोल नहीं लगाए है। इससे विद्युत तारों की दूरी बढ़ गई है और तार झूल रहे हैं। उन्होंने छूटे स्थानों पर विद्युत पोल लगवाने की मांग की है।