अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई।
बुखार के प्रकोप से मंगलवार को ढाई वर्षीय बालिका की मौत हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उधर, जिला अस्पताल में पिछले चौबीस घंटे में 18 और मरीज बुखार के भर्ती हुए हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पचकोहरो निवासी शिवशंकर की ढाई वर्षीय बच्ची प्रियंका को पांच दिन से बुखार आ रहा था। परिजन गांव में ही झोलाछाप के यहां उसका इलाज करा रहे थे। उसकी हालत में सुधार नहीं हो हुआ था। मंगलवार सुबह प्रियंका की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए शव ले गए। इसके अलावा वायरल फीवर की चपेट में आकर हालत बिगड़ने पर 24 घंटे में जिला अस्पताल में 18 और मरीज भर्ती कराए गए हैं। इनमें इरशाद (45) निवासी मोहल्ला काजीटोला थाना सांडी, विकास (15) निवासी तौकलपुर थाना बेहटा गोकुल, सत्यवती (55) निवासी कुरमरा थाना माधौगंज, शिवानी (15) निवासी रैगवां थाना मझिला, पुनीत (18) निवासी निजामपुर थाना लोनार, नृपेश्वर (70) निवासी लखनऊ चुंगी, श्रीराम (9) निवासी बरगदहा मल्लावां केातवाली, लक्ष्मी (38) निवासी नीभी बघौली, गया प्रसाद (38) निवासी अटवा कोतवाली बेनीगंज, जगदीश (70) निवासी बर्राडाल थाना सुरसा, कृष्णा (80) निवासी सहिजना थाना बेहटा गोकुल, मनोज (12) निवासी अयारी थाना टड़ियावां, जसोदा (65) निवासी बेहटा गोकुल, रक्षराज (30) निवासी बावन थाना लोनार, नन्हें (18) निवासी बावन, विनीता (35) निवासी भिठारी कोतवाली शहर और सोनी (25) निवासी समदा शहर क ोतवाली शामिल हैं।
मलेरिया, टायफाइड के मरीज बढ़े
मौसम में बदलाव के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है। इसके चलते जिला अस्पताल के ओपीडी व पैथोलॉजी में मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। पिछले तीस दिन में जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में जांच के दौरान बड़ी तादाद में लोेगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। यहां पर 20 जुलाई से 20 अगस्त तक बुखार से पीड़ित 684 लोगों ने जांच कराई है। जिसमें 58 को मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसी तरह टायफाइड की आशंका में पिछले तीस दिन में 750 लोगों की जांच की गई। जिसमें 120 लोगों में टायफाइड की पुष्टि हुई है।
- बुखार से बालिका की मौत, 18 और मरीज भर्ती
- देहात कोतवाली क्षेत्र के पचकोहरोे गांव की थी बालिका
- भर्ती मरीजों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज