हरदोई। जिले में कोरोना की जांच तेज करने के लिए शासन ने तीन हजार कोविड-19 एजी किट जिले को उपलब्ध करा दी हैं। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक लोगों के नमूने लेकर कोरोना की जांच कराई जाए। सभी सीएचसी और न्यू पीएचसी पर किटें उपलब्ध रहेंगी।
जिले से औसतन 600 नमूने हर रोज कोरोना की जांच को लखनऊ मेडिकल कालेज भेजे जाते हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में इमरजेंसी टेस्टिंग के लिए ट्रूनेट मशीन उपलब्ध है। अब शासन ने जनपद को तीन हजार नई कोविड-19 एजी किट उपलब्ध कराईं हैं। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वामी दयाल ने बताया कि शासन से उपलब्ध कराईं गईं जांच किटें सभी सीएचसी में भेजी जाएंगी। उन्होंने बताया कि एक किट से सिर्फ एक नमूने की ही जांच हो सकेगी। इसकी रिपोर्ट 30 से 40 मिनट में आ जाएगी। उन्होंने बताया कि डीएम पुलकित खरे ने भी जांच दर में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।