हरदोई। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमना शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को दो मासूमों समेत 30 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं केसों में कमी आने के बाद भी लोग अस्पतालों आदि स्थानों मेें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
जिले में कोरोना का ग्राफ तेजी से गिर रहा है। जहां जनवरी में प्रतिदिन दो सैकड़ा से अधिक संक्रमित मिल रहे थे। इसके सापेक्ष फरवरी में संक्रमितों की संख्या में काफी कमी आई है।
फरवरी के पहले सप्ताह से 40 से अधिकतम 50 केस मिल रहे हैं। इधर, बृहस्पतिवार को 30 नए संक्रमित मिले। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि इन दिनों 96.19 फीसदी केसों की रिकवरी हो रही है।
बृहस्पतिवार को 33 संक्रमितों ने होमआइसोलेशन से बाहर आकर कोरोना को मात दी है। अब 272 एक्टिव केस रह गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बिना मास्क के न जाए, जिससे कोरोना से जंग जीतने में मदद मिल सके। उधर, जिले को कोरोना मुक्त बनाने के लिए महकमा प्रयासरत है।
विभाग ने लक्ष्य के अनुसार जांचें कराने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को कोविड सेंटरों पर 3823 लोगों ने कोरोना की जांच कराई।