अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। पाली थानाक्षेत्र के मलिकाना निवासी अधेड़ की शराब पीने के बाद मौत हो गई। रविवार सुबह मोहल्ले का दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था। देर शाम शराब पीकर घर पहुंचा। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी ने दोस्त पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है।
मलिकाना निवासी नसीम शाह (48) पुत्र अजीज शाह सैलून का काम करता था। कस्बा के नखासा पुलिया के पास उसकी दुकान है। रविवार सुबह करीब नौ बजे मोहल्ले में ही रहने वाला उसका दोस्त उसे घर से बुला कर ले गया था। शाम करीब सात बजे नसीम शराब पीकर घर पहुंचा। जहां कुछ समय में उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख पत्नी शबाना व बेटा फुकरान ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नसीम की पत्नी ने दोस्त पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। उसने किसी से रंजिश होने से इंकार किया है। एसओ संजय मौर्या ने बताया मामला संज्ञान में है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शराब पीने के बाद अधेड़ की मौत
- पाली थानाक्षेत्र के मलिकाना का निवासी था
- दोस्त घर से बुलाकर ले गया था शराब पिलाने
फोटो संख्या-7, पोस्टमार्टम के बाहर बैठे मृतक के परिजन।