पाली। विद्युत निगम की टीम ने शनिवार को क्षेत्र के बड़ा गांव में बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में टीम ने 10 को बिजली चोरी करते पकड़ा। वहीं, लंबे समय से बिल जमा न करने वाले 41 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। इस कार्रवाई से पूरे गांव में लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
बकाया वसूली अभियान के दौरान बिजली चोरी करने वाले और बिल जमा न करने वालों पर कार्रवाई की गई। पाली विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता सुखपाल सिंह ने बताया कि बड़ा गांव में कुल 55 उपभोक्ता हैं। इनमें 51 उपभोक्ता डिफाल्टर श्रेणी में हैं। इन उपभोक्ताओं पर 12 लाख का बिजली बिल बकाया है लेकिन वह जमा नहीं कर रहे जबकि कई बार नोटिस भी दी जा चुकी है। अभियान के दौरान पुत्तन लाल, रामनिवास, सतानंद उर्फ जोगराज, रामशंकर, रामू सिंह, महाराम, बिटौली, रमेश व अशोक मीटर के पास से बाईपास कर बिजली जलाते पाए। सभी के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
टीम ने शेष बचे 41 उपभोक्ताओं के बकाया न जमा करने पर कनेक्शन काट दिए हैं। अवर अभियंता ने बताया कि बिल जमा करने पर सभी के कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। इस दौरान एजाज खां, फैजान, सुशील शुक्ला, अजीत वाजपेयी आदि मौजूद रहे।