धौलाना। लालपुर-सौलाना में पैंठ में बीती मंगलवार को खरीदारी करने आई महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर बवाल हो गया। विरोध करने पर एक युवक को पीटा गया। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। मामले में सात नामजद समेत 22 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक साप्ताहिक पैंठ में सामान खरीदने आने वाली महिलाओं पर कुछ युवक अश्लील टिप्पणी कर रहे थे। जब उनका विरोध किया गया तो युवकों ने प्रजापति समाज के एक युवक की पिटाई कर दी। उसे बचाने आए दो युवकों को भी दंबगों नहीं लहूलुहान कर दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा था, जिस कारण मंगलवार देर रात एक पक्ष के लोग लाठियां, धारदार हथियार और ईंट पत्थर से लैस होकर दूसरे पक्ष पर टूट पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान जमकर पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख भीड़ भाग गई। पुलिस घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची।
इस दौरान अवनीश व कपिल को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित देवेंद्र की तहरीर पर अफरोज, सलमान, फिरोज, आमिर हसन, फरियाद, सलमान समेत 22 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-