हापुड़। मोहल्ला राजेंद्र नगर में एक घर में लगे एसी की जैसी ही बिजली चालू की तो वह धमाके के साथ फट गया। इसमें एक व्यक्ति झुलस गया। कमरे में रखे साेफा और गद्दा भी जल गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कंपनी में की थी, लेकिन कंपनी द्वारा कोई संज्ञान न लेने पर डीएम कार्यालय और उपभोक्ता न्यायालय में शिकायत की है।
रेलवे रोड स्थित मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी नवीन आनंद ने बताया कि 18 जून की सुबह करीब 11.30 बजे वह अपनी पत्नी रजनी आनंद के साथ कमरे में थे। जैसे ही लाइट आई तो उन्होंने कमरे में लगा स्पलिट एसी का स्विच ऑन किया। जिस पर एसी में तेजी धमाके की आवाज आई और आग लग गई। इसमें नवीन के सिर के बाल और हाथ आदि झुलस गए। साथ ही कमरे में रखा सोफे का कुछ हिस्सा और बेड के गद्दे भी जल गए। शोर सुनकर परिजन व आसपास से पड़ोसी कमरे में पहुंचे और आग पर काबू पाया। वहीं, उपचार के लिए पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई थी, लेकिन जब तक टीम आती तब तक लोगों ने आग बुझा दी थी। पीड़ित ने बताया कि घटना की शिकायत संबंधित कंपनी में की थी, लेकिन वहां से संतोषजनक उत्तर नहीं आया। अब मामले में डीएम और उपभोक्ता न्यायालय में शिकायत की है।