शहर के हजारों लोगों के लिए खुशखबरी है। अब लोगों को पालिका के समस्त देय जलकर, गृहकर आदि का भुगतान नकद नहीं जमा करना पड़ेगा। कैश की किल्लत से हो रही परेशानियों को देखते हुए नगर पालिका पिलखुवा कैशलेश हो गई है।
अब लोग सभी शुल्क डेबिट और क्रेडिट कार्ड से जमा कर सकते हैं। अब से पूर्व शहर के हजारों लोग पालिका के समस्त कर नगर पालिका में नकद जमा करते थे। नोटबंदी के कारण लोगों को बैंकों से सीमित धनराशि मिल रही है।
इससे लोग समय से भुगतान नहीं कर पा रहे थे। इसे देखते हुए पालिका प्रशासक ने नगर पालिका को पूर्णत: कैशलेस कर दिया है। पालिका में स्वाइप मशीन आ गई है। शहर के लोगों को अब नकद धनराशि जमा करने की जरूरत नहीं है।
शहरवासी क्रेडिट और डेबिट कार्ड से समस्त देय जमा कर सकेंगे। पालिका प्रशासक ज्योति राय ने बताया कि पालिका को कैशलेस कर दिया गया है। लोग समस्त देय क्रेडिट और डेबिट कार्ड से जमा कर सकते हैं।
नागरिक चेतना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस त्रिवेदी ने कहा कि पालिका के कैशलेस होने से शहर के हजारों लोगों को फायदा होगा। यह बहुत ही अच्छी पहल है। इससे कैश की किल्लत से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।
समाजसेवी पंकज शर्मा ने कहा कि बैंकों से लोगों को सीमित कैश मिल रहा है। कैश की कमी के कारण पालिका के समस्त देय भी जमा नहीं कर पा रहे हैं। कैशलेस सिस्टम होने से फायदा होगा। पालिका की नई पहल स्वागत योग्य है।
कैश की किल्लत को देखते हुए पिलखुवा के वीआईपी इंटर कॉलेज प्रशासन से अभिभावकों को राहत दी है। अब अभिभावक बच्चों की फीस चेक से जमा कर सकते हैं।
प्रधानाचार्या बीना शर्मा ने बताया कि कैश की किल्लत को देखते हुए कॉलेज प्रशासन से यह निर्णय लिया है। स्टूडेंट्स के अभिभावक अब चेक से फीस जमा कर सकते हैं। स्वाइप मशीन लेने के लिए बैंक में अप्लाई किया गया है।