मेरठ रोड पर बिना रजिस्ट्रेशन कराए क्लीनिक चला रहे स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक (जेडी) मेरठ के पति सोमवार को स्वास्थ्य विभाग में रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज जमा कराने पहुंचे।
विभागीय अफसरों के नोटिस के बाद कार्रवाई के डर से आनन-फानन में जेडी के पति ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की है। बता दें कि, अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
उल्लेखनीय है कि मेरठ में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात डॉ. रेनू गुप्ता के पति मेरठ रोड पर अपने आवास में फर्जी तरीके से क्लीनिक चला रहे थे। स्वास्थ्य विभाग में इस क्लीनिक का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं था।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीएमओ ने नोटिस जारी कर दिया था। इससे बौखलाए जेडी के पति रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कराने स्वास्थ्य विभाग पहुंचे।
सोमवार को उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों को भी विभाग में जमा कराया है। बता दें कि, पद की आड़ में जेडी के पति इस क्लीनिक को चला रहा था, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कार्रवाई के डर से मौन थे।
वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश अनुरागी ने बताया कि क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन के संबंध में आवेदन आया है। सत्यापन के बाद क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।