हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव जरोठी में वृद्धा के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की नकदी और गहने चोरी कर लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव जरोठी निवासी लखमीरी ने बताया कि कई वर्ष पहले उसके पति तेजपाल का देहांत हो गया था। दो पुत्र प्रमोद व जगपाल अपने-अपने परिवार के साथ जिला गौतमबुद्धनगर में रहते हैं और वहीं काम करते हैं। फिलहाल वह अकेली ही घर पर रहती हैं। शुक्रवार को वह जिला बुलंदशहर क्षेत्र के सिकंदराबाद में शादी में गई थी। रात में किसी समय चोरों ने ताला तोड़कर पूरा घर खंगाल डाला। शनिवार सुबह को वह लौटी तो ताले टूटे व सामान बिखरा मिला। मामले में थाना देहात प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि मामले में संदिग्धों से पूछताछ के साथ आसपास के क्षेत्र की सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।