डाकघर के बचत खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। वह विभाग से एटीएम कार्ड प्राप्त कर पैसों की निकासी के लिए कतार में लगने से छुटकारा पा सकते हैं। प्रधान डाकघर में एटीएम कार्डों का स्टॉक पहुंच चुका है।
भारत सरकार ने डाकघरों को बैंकों की तर्ज पर हाईटेक बनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में बुलंदशहर रोड स्थित प्रधान डाकघर में एटीएम सुविधा शुरू कर दी गई है। इस डाकघर में करीब 19 हजार बचत खाताधारक है।
पहले खाताधारक पैसों की निकासी के लिए काउंटर पर लंबी कतार में लगकर परेशान होते थे। लेकिन अब वह मिनटों में एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर पैसा निकाल सकते हैं। उन्हें कतार में लगकर परेशान नहीं होना पड़ेगा।
ग्राहकों की सुविधा के लिए प्रधान डाकघर में एटीएम कार्डों का स्टॉक पहुंच चुका है। ग्राहक विभाग में आवेदन कर कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। उधर, सहायक पोस्ट मास्टर कर्ण सिंह का कहना है कि ग्राहकों की सुविधा के लिए एटीएम कार्ड का स्टॉक मंगा लिया गया है। ग्राहक कार्ड प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकते हैं।