ब्रजघाट (हापुड़)/गाजियाबाद। हाईवे 09 पर ब्रजघाट के गांव अल्लाबख्शपुर टोल के पास सोमवार रात करीब 12 बजे टायर फटने से अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ जा पहुंची और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह दोस्तों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार सवार सभी लोग आपस में दोस्त थे। ये लोग लोनी से नैनीताल के पास कैंची स्थित बाबा नीम करौरी आश्रम जा रहे थे।
मंगलवार सुबह मृतकों की पहचान लोनी के मोहल्ला न्यू विकासनगर निवासी रोहित सैनी उर्फ शंकर (33), विपिन सोनी (35), मोहल्ला नवीन कुंज निवासी अनूप सिंह (38), गिरी मार्केट निवासी संदीप (35), मोहल्ला शिव विहार निकट मेट्रो स्टेशन निवासी निक्की जैन उर्फ तरुण (33) व मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी राजू जैन उर्फ राजकुमार (36) के रूप में हुई।
राजू की लोनी में खिलौना बनाने की फैक्टरी है। वह भी लोनी के न्यू विकास नगर में रहते थे। संदीप के भाई सचिन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। सातों दोस्त रात नौ बजे लोनी से निकले थे। 12 बजे हादसे के शिकार हो गए। एएसपी राजकुमार अग्रवाल का कहना है कि आशंका है कि टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में पहुंच गई। ट्रक के चालक और परिचालक का पता नहीं चला है। हादसे के बाद वह ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
तेज आवाज सुनकर दौड़े लोग
कार को काटकर निकाले शव
(30 मिनट में निकाले गए शव
60 मिनट तक जाम रहा ट्रैफिक)
कार जब ट्रक से टकराई तो बड़ी तेज आवाज हुई। अल्लाबख्शपुर के लोग इसे सुनकर मदद के लिए दौड़े चले आए। हादसा भीषण था। कार के परखच्चे उड़ गए। ग्रामीणों ने कार के अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस के आने पर कटर मंगाया गया। इससे कार को काटा गया। तब जाकर सातों लोगों को निकाला जा सका। इसमें आधा घंटा लगा। सातों को लोग पास के अस्तपाल ले गए। छह को चिकित्सक ने मृत बताया। घायल को मेरठ रेफर कर दिया।
उधर, हादसे के बाद सड़क पर गाड़ियों के पहिये थम गए। आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। हाईवे पर दोनों तरफ जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने हादसे की शिकार कार और ट्रक को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
संसद तक उठी आवाज
फिर भी नहीं रुके हादसे
(मौत का कट)
हाईवे पर गांव अल्लाबख्शपुर पर बेहद खतरनाक कट है। इसी कट पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके। इनमें कई लोगों की जान जा चुकी। गांव के लोगों ने हंगामा-प्रदर्शन किया। इसके बावजूद इस ब्लैक स्पाॅट पर न रोशनी का इंतजाम किया गया और न ही कोई संकेतक लगाया गया। पुलिस और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा एक और हादसे के रूप में सामने आ गया। अमरोहा के सांसद दानिश अली ने इस कट का मामला संसद में भी उठाया। मांग रखी कि यहां अंडरपास बनाया जाए। इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन के अधिकारी कई बार हाईवे के कट और ब्लैक स्पाॅट का मुआयना कर चुके लेकिन हादसे रोकने के लिए एक बार भी ठोस इंतजाम नहीं किए गए।