कांग्रेस प्रदेश सचिव सचिन चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस प्रदेश सचिव सचिन चौधरी ने बीजेपी के नेताओं को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि गांवों में न जाएं, हिंसा भड़क सकती है। हाल में ही एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें गांव के लोग गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के विधायक कमल मलिक को गलियों में घुमा रहे हैं, जहां सीवर का पानी भरा हुआ है। इस पर सचिन चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि मेरी बीजेपी के नेताओं को नसीहत है कि आप लोग अब खुले में न निकलें गांवों में तो बिल्कुल भी न जाएं।
क्योंकि, जब कोरोना था तब तो आप लोगों की पार्टियां खत्म नहीं हुईं, तब आप लोग छुट्टियों पर गए हुए थे। जब क्षेत्र के लोगों को काम करवाने होते हैं तब आप लखनऊ, दिल्ली में होते हैं। गांवों में बीजेपी का विकास दूर से ही दिख रहा है। जो बहकर सड़कों के रास्ते घरों में घुस रहा है।
उन्होंने कहा कि आप लोग अगर गांवों में गए तो सभी का हाल कमल मलिक जैसे ही होगा। बता दें कि सचिन चौधरी का गांव भी गढ़ विधानसभा क्षेत्र में ही आता है। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी सचिन कहते हैं कि किसान वर्ग ने भी सुनिश्चित कर लिया है कि इस बार भाजपा के लोगों को गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा।
बता दें कि कुछ दिन पहले गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक को ग्रामीणों का जबरदस्त विरोध झेलना पड़ा था। ग्रामीणों ने विधायक को सड़क पर जमा सीवर के पानी में चलवाया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रधान पति उनका हाथ पकड़कर सड़क पर भरे जलभराव के बीच ले गए। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के लिए गढ़ विधायक कमल सिंह मलिक इन दिनों गांवों की पदयात्रा कर रहे हैं।