ब्रजघाट। ज्येष्ठ पूर्णिमा गंगा स्नान पर हाईवे को जाम मुक्त रखने के लिए आज से रूट डायवर्जन किया जाएगा। शुक्रवार की रात (आज) 12 बजे से शनिवार की दोपहर 12 बजे तक यह डायवर्जन रहेगा। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर लगे जाम को ध्यान में रखकर रूपरेखा तैयार की गई है।
गंगा नगरी में हर माह पूर्णिमा और अमावस्या पर दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा, राजस्थान समेत अन्य स्थानों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में स्नान के दौरान हाईवे समेत संपर्क मार्गों पर जाम की समस्या बनने से श्रद्धालुओं और राहगीरों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। ज्येष्ठ गंगा दशहरे पर भी दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जाम लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी। वहीं पुलिस के उच्चाधिकारियों समेत अन्य कर्मियों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा स्नान को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत ब्रजघाट को जाने वाले अन्य संपर्क मार्गों पर यातायात को नियंत्रित रखा जाएगा। जिसके तहत शुक्रवार की रात(आज) 12 बजे से शनिवार की दोपहर 12 बजे तक हाईवे पर भारी वाहन का डायवर्जन रहेगा। वहीं आवश्यकता पड़ने पर हलके वाहनों का भी डायवर्जन किया जा सकता है। हाईवे, गंगा पुल समेत जाम संभावित स्थानों पर यातायात समेत पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी रहेगी। जिसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यह रहेगी रूट डायवर्जन की व्यवस्था
- छिजारसी टोल प्लाजा - दिल्ली और गाजियाबाद से मुरादाबाद, अमरोहा की ओर जाने वाले भारी वाहन छिजारसी टोल प्लाजा से मसूरी, धौलाना, गुलावठी होते हुए जनपद बुलंदशहर, नरोरा, बबराला, बहजोई, डिबाई, चंदोसी होकर मुरादाबाद जाएंगे।
- थाना हापुड़ देहात के सामने से- गाजियाबाद, पिलखुवा की ओर से मुरादाबाद, अमरोहा की ओर जाने वाले वाहन थाना हापुड़ देहात के सामने से डायवर्ट होकर गुलावठी होते हुए बुलंदशहर, नरोरा, बबराला, बहजोई, डिबाई, चंदौसी से होकर मुरादाबाद की तरफ जाएंगे।
- ततारपुर चौराहे से- मेरठ, खरखौदा, ततारपुर चौराहा से मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहन ततारपुर चौराहे से डायवर्ट होकर हापुड़ बाईपास, सोना पेट्रोल पंप के सामने से गुलावठी होते हुए जनपद बुलंदशहर, नरोरा, अनूपशहर के रास्ते मुरादाबाद, अमरोहा को जाएंगे।
- स्याना चौराहा से- मेरठ, गढ़ से मुरादाबाद, अमरोहा, संभल जाने वाले वाहन गढ़ स्याना चौराहे से स्याना होते हुए बुलंदशहर, नरोरा, अनूपशहर होकर जाएंगे।