पिलखुवा। सीएचसी में गंदगी और मीरापुर गढ़ी गांव में पानी की बेहतर निकासी व्यवस्था न होने पर सीडीओ अभिषेक कुमार ने नाराजगी जताते हुए सुधार की चेतावनी दी है। मुख्य विकास अधिकारी ने अचानक अस्पताल पहुंचने पर वहां मौजूद चिकित्सकों एवं कर्मियों में हड़कंप मच गया था।
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार बृहस्पतिवार दोपहर करीब 11 बजे पबला रोड स्थित सीएचसी पहुंचे। सीडीओ ने उपस्थिति रजिस्टर, दवाओं का स्टॉक, दवाए बांटने वाले काउंटर, ओपीडी रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की पड़ताल की। सीडीओ ने अस्पताल में मौजूद मरीजों से डॉक्टरों के व्यवहार, दवा बाहर से लिखने एवं रुपये आदि की मांग करने के बारे में पूछताछ की। अस्पताल परिसर और शौचालयों में गंदगी देख नाराजगी जताते हुए सुधार की चेतावनी दी।
इसके बाद सीडीओ ने धौलाना के गांव मीरापुर गढ़ी का निरीक्षण करने पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति कम होने और पानी निकासी की व्यवस्था बेहतर न होने की शिकायत की। सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता मनीष यादव को रोस्टर के अनुसार ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति उपलब्ध करने और ग्राम सचिव को पानी निकासी की व्यवस्था दुरूस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ ने साथ बीडीओ अभिमन्यू सेठ, ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।