पांच हजार रुपये से अधिक बकायेदारी वाले उपभोक्ता दीपावली से पहले बिजली का बिल जमा कर दें। अन्यथा उन्हें इस बार अंधेरे में दीवाली मनानी पड़ सकती है। निगम अफसरों ने ऐसे करीब 10 हजार बकायेदार उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है। जिनके कनेक्शन दीपावाली से पहले काट दी जाएगी।
हापुड़ डिवीजन क्षेत्र के करीब 40 हजार उपभोक्ताओं पर बिजली निगम का करोड़ों रुपये बकाया है। लक्ष्य के अनुसार वसूली नहीं होने के कारण निगम अफसरों को आए दिन शासन की ओर से कार्रवाई की हिदायत मिल रही है। बकायेदारी के कारण निगम अफसरों को पर्याप्त बिजली खरीदना भी मुश्किल हो रहा है।
दीपावली का त्योहार नजदीक है लेकिन उपभोक्ता निगम का करोड़ों रुपये बकाया चुकता नहीं कर रहे हैं। इसको लेकर अब निगम अफसरों ने दीपावली से पहले पांच हजार रुपये से अधिक बकायेदारी वाले करीब 10 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का निर्णय लिया है। ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर संबंधित अवर अभियंताओं को सौंप दी गई है।
निगम अफसरों ने बकायेदार उपभोक्ताओं से जल्द बकाया बिल जमा करने की अपील भी की है। अभियान के दौरान किसी उपभोक्ता की फरियाद नहीं सुनने का निर्देश अफसरों ने दिया है। ऐसे बकायेदार उपभोक्ताओं को इस बार दीपावली अंधेरे में मनानी पड़ सकती है।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि उपभोक्ता जान बूझकर बिजली का बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दीपावली से पहले बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।