आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भाकियू ने घेरा थाना
- फोटो : अमर उजाला
विवाहिता की संदिग्ध हालात में झुलसकर मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भाकियू के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर पुलिस को कार्रवाई के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम दिया।
बता दें कि सिंभावली क्षेत्र के सिखैड़ा गांव में रविवार रात संदिग्ध हालात में आग से झुलसकर मोनू की पत्नी सुंदरी की मौत हो गई थी, जिसको लेकर उसके पिता हेतराम निवासी गांव बक्सर ने दामाद मोनू, उसके भाइयों संदीप, मोहित और समधन सुदेश के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया था। लेकिन अन्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय सचिव सतबीर सिंह के नेतृत्व में थाने का घेराव कर खूब हंगामा किया।
सतबीर सिंह ने आरोप लगाया कि नवविवाहिता को जलाकर मारने वाले आरोपी ससुरालियों पर पुलिस जान बुझकर कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर 48 घंटों के भीतर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई
तो इसके विरोध में थाने का घेराव कर बेमियादी आंदोलन करेंगे। एसआई संदीप यादव ने भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घर पर दबिश दी जा रही है। जल्द कुर्की की प्रक्रिया भी की जाएगी।