गढ़ गंगा मेले में शामिल होने जा रहे युवकों ने भैंसा दौड़ में जीत की खुशी में गढ़ नगर में जमकर उत्पात मचाया। गढ़ चौपला पर युवकों ने लाठी-डंडे लेकर सड़क के बीचोंबीच डांस किया। इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से खुलेआम हर्ष फायरिंग कर दी। हैरानी की बात यह रही कि युवक ने पुलिस की गाड़ी के सामने ही गोली चलाई।
भैंसा दौड़ में जीत के बाद युवक अलग-अलग रास्तों से होते हुए गढ़ नगर पहुंचे थे। गढ़ चौपला पर पहुंचकर उन्होंने सड़क पर हुड़दंग शुरू कर दिया। लाठी-डंडे लेकर डांस करने के दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। इसी बीच एक युवक तमंचा लहराते हुए दिखाई दिया और उसने फायरिंग कर दी। गोली की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
घटना गढ़ कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई। जिस समय फायरिंग की गई, उसी दौरान पुलिस की गाड़ी भी वहां से गुजर रही थी। इसके बावजूद युवक बेखौफ होकर हथियार चलाता रहा। घटना के वीडियो में युवक तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा है। आरोप है कि काफी देर तक सड़क पर हंगामा होता रहा और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को हटाकर रास्ता खुलवाया। घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीओ राहुल यादव का कहना है वीडियो के आधार पर जांच कराकर कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।