हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के खुर्जा पेच के पास पति व बच्चों को अपहरण करने का डर दिखाकर बाइक सवार दो बदमाश महिला से कुंडल, मंगलसूत्र और नकदी लूटकर फरार हो गए। पीडि़ता के पति ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला नवीकरीम निवासी राजू ने बताया कि उसकी पत्नी शीतल किशनगंज के पास खाना बनाने का काम करती है। सोमवार की सुबह खाना बनाकर अतरपुरा चौपला पर पैदल जा रही थी। पक्काबाग पर बाइक सवार दो युवकों ने उसकी पत्नी से आंखों के अस्पताल के बारे में पूछा। इस दौरान उसकी पत्नी जानकारी से इन्न्कार करते हुए अतरपुरा चौपला की तरफ चली गई।
खुर्जा पेच के पास दोनों बदमाशों ने उसकी पत्नी को रोककर कहा कि तुम्हारा पति व बच्चे हमारे कब्जे में हैं। जो कुछ तुम्हारे पास है, हमें दे दो नहीं तो बुरा होगा। आरोपियों की धमकी से उसकी पत्नी काफी घबरा गई। इसके बाद बदमाश उसकी पत्नी से कानों के कुंडल, मंगलसूत्र व छह सौ रुपये लूटकर फरार हो गए। घर पहुंचकर पत्नी ने उसे सारी घटना के बारे में बताया।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।